वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
शर्ट के अंदर से मिला देसी आग्नेयास्त्र
कोलकाता। बुधवार तड़के सियालदह स्टेशन के पास पुलिस ने संदिग्ध हालात में घूम रहे एक युवक को पकड़कर उसकी शर्ट के अंदर से देसी आग्नेयास्त्र बरामद किया। गिरफ्तार आरोपी का नाम पंकज विश्वास (30) है, जो पॉटरी रोड इलाके का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 5.40 बजे सियालदह स्टेशन से सटे बेलघाटा रोड पर ट्रैफिक गार्ड के होमगार्ड सुजीत खाड़ा और सार्जेंट हिरण्मय सरकार ड्यूटी पर थे, तभी उन्होंने एक युवक को संदिग्ध तरीके से इधर-उधर घूमते और उनकी ओर टकटकी लगाए देखते पाया। आंखें मिलते ही वह भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसकी शर्ट के अंदर से छिपाया हुआ एक देसी आग्नेयास्त्र मिला। तुरंत ही उसे एंटाली थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूछताछ के बाद सुबह 7 बजे उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि बरामद हथियार खराब हालत में था और उसे जब्त कर लिया गया है। यह हथियार उसके पास कैसे पहुंचा, इस बारे में जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।